दुमका - झारखंड में लोकतंत्र को लगातार कमजोर किए जाने के विरोध में भाजपा ने बुधवार को पुराना समाहरणालय परिसर, दुमका में धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष गौरवकांत की नेतृत्व में किया गया। जिसमें मुख्य रूप से पूर्व सांसद सुनील सोरेन एवं कार्यक्रम प्रभारी निवास मंडल शामिल हुए। वहीं मंच संचालन नगर अध्यक्ष मृणाल मिश्रा ने किया।
बताया गया कि यह धरना वर्षों से लंबित नगर निकाय चुनाव को अविलंब कराने, चुनाव दलीय आधार पर कराने तथा ईवीएम के माध्यम से मतदान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आयोजित किया गया था।
इस संबंध में सभा को संबोधित करते हुए सुनील सोरेन ने कहा कि राज्य में नगर निकाय चुनाव न कराकर हेमंत सोरेन सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। जनप्रतिनिधियों के अभाव में नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायतें पूरी तरह प्रशासकों के भरोसे चल रही है। जिससे आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए त्रस्त है और भ्रष्टाचार बेलगाम हो चुका है। धरना-प्रदर्शन के उपरांत भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद प्रशासक के माध्यम से राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा।









