बोकारो - बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र अंतर्गत मनमोहन कोऑपरेटिव, प्लॉट संख्या-869 में रहने वाले भरत सिंह के आवास के नीचे स्थित गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह गोदाम जूता-चप्पल का था और आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग लगने की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं। बाद में तीसरी दमकल गाड़ी भी मौके पर पहुंची।
बताया गया कि गोदाम के ऊपर सुंदरम स्टील के लगभग 20 से 25 स्टाफ रहते थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। गोदाम के मालिक ओमकार पांडे ने बताया कि उन्हें फोन से आग लगने की सूचना मिली। 2-3 दिन पूर्व ही लगभग 60 लाख रुपये का माल गोदाम में रखा गया था, जबकि पहले से करोड़ों रुपये का माल मौजूद थे। वहीं अग्निशमन विभाग के अधिकारी भगवान ओझा ने बताया कि समय पर की गई कार्रवाई से बड़ी घटना टल गई। सेक्टर-12 थाना प्रभारी ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।









