(विश्वनाथ कुमार गुप्ता, संवाददाता, लखीसराय)
लखीसराय - लखीसराय में कवैया थाना पुलिस और पटना STF को हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 1 देशी पिस्टल और 70 जिंदा कारतूस के साथ पिता-पुत्र समेत 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि 22 जुलाई की शाम 7:30 बजे मिली गुप्त सूचना के बाद कवैया थाना और STF की टीम ने नया बाजार, मकुना वार्ड-29 में छापेमारी की। यहां से आर्म्स सप्लायर रामेश्वर महतो और उसके बेटे सचिन कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में घर से 1 देशी पिस्टल, 40 जिंदा कारतूस और 2 मैगजीन बरामद हुए। पूछताछ में इन्होंने संसार पोखर वार्ड-17 के दुर्गी मंडल का नाम बताया। उसके घर से 30 कारतूस, अवैध हथियार बिक्री से मिले 33 हजार रुपये नकद और 4 मोबाइल जब्त किए गए। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई कर हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल इनके सप्लाई चेन और नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।







