पाकुड़ - नववर्ष 2026 की शुरुआत पाकुड़ जिले में केवल उत्सव तक सीमित नहीं रही। बल्कि “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” के संकल्प के साथ एक नई सामाजिक जागरूकता की मिसाल कायम की गई। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” थीम पर आधारित एक अनोखा एवं संवेदनशील अभियान का आयोजन सिद्धू कान्हू पार्क के समीप किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने गांधीवादी शैली अपनाते हुए आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया, जबकि बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट एवं ट्रिपल लोडिंग करने वाले चालकों को चालान के बजाय माला पहनाकर नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
अभियान का नेतृत्व कर रहे उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएँ जीवन एवं परिवार को गहरे संकट में डाल देती हैं। उन्होंने कहा कि यह सोच छोड़नी होगी कि किस्मत साथ देगी। सुरक्षा ही सबसे बड़ा कवच है।









