(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। चास स्थित मारवाड़ी पंचायत भवन में झामुमो बोकारो महानगर समिति की अहम बैठक महानगर अध्यक्ष मंटू यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी ने चुनावी बिगुल फूंकते हुए दावा किया कि नगर निकाय चुनाव में झामुमो चास नगर निगम के सभी वार्डों के साथ-साथ महापौर पद पर भी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी हर वार्ड में मजबूत उम्मीदवारी पेश करेगी।
वहीं महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि झारखंड के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने “बूथ जीतो–चुनाव जीतो” का नारा देते हुए सशक्त बूथ कमेटी गठन पर जोर दिया।
बैठक में चास नगर निगम क्षेत्र के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर झामुमो की जीत का संकल्प लिया।









