(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - शहर के वार्ड संख्या 13 स्थित सिमेट्री रोड में वर्षों से चली आ रही जलजमाव और जल निकासी की गंभीर समस्या को अब नगर निगम प्रशासन ने पूरी तरह खत्म करने का बीड़ा उठा लिया है। इस समस्या के स्थायी निदान हेतु आज नगर निगम की एक उच्चस्तरीय टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और जल निकासी के मार्ग का गहन अध्ययन कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता, महापौर अर्विन्द राणा, उपमहापौर अविनाश कुमार यादव और वार्ड पार्षद विकास यादव ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। उनके साथ सहायक नगर आयुक्त अनिल पांडेय और विपिन कुमार सहित नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों की टीम ने नाली के बहाव क्षेत्र का बारीकी से मुआयना किया और तकनीकी खामियों को चिह्नित किया। वर्तमान समय में सिमेट्री रोड की नालियों का पानी हुरहुरु तालाब में जाकर जमा होता है, जो जलजमाव का मुख्य कारण बना हुआ है। निगम की टीम ने अब इस व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन करने का निर्णय लिया है। नगर निगम की योजना तालाब से जल निकासी के लिए एक बेहतर और वैज्ञानिक मार्ग विकसित करने की है। जिससे कि भविष्य में बारिश के दौरान भी जलजमाव जैसी स्थिति पैदा न हो सके। निगम की यह पहल न केवल जलजमाव को खत्म करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित होगी।








