(बिरेन्द्र सिंन्हा, संवाददाता, बांका)
बांका - बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत बल्लिकित्ता पंचायत के रामचंद्रपुर इटहरी गांव में सरकारी भूमि को अतिक्रमणकारियों के कब्जे से मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने एक बार फिर बुलडोजर से कार्रवाई की है। सोमवार को प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को स्वयं कब्जा हटाने के लिए समय दिया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
जिसके बाद सीओ आकाशदीप सिन्हा और थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमित भूमि को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष ने मानवीय पहल दिखाते हुए लोगों को स्वयं अपना सामान हटाने का अवसर भी दिया, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की।
आकाशदीप सिन्हा ने बताया कि कुल 28 लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया गया था। इनमें से 23 अतिक्रमणकारियों से भूमि को मुक्त करा लिया गया है, जबकि पांच लोगों ने अपनी जमाबंदी के दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं। इन जमाबंदियों के रद्दीकरण के लिए आवेदन उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। जांच और रद्दीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







