दुमका - भारतीय क्रिकेट टीम के अंडर 19 टीम में सेलेक्शन और रणजी ट्रॉफी खिलाने के नाम पर एक शिक्षक से एक करोड रुपए की ठगी की गई। इस मामले कि आरोपी किसलय पल्लव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताया गया कि दुमका नगर थाना में 12 अक्टूबर 2025 को सरकारी विद्यालय के शिक्षक बुलबुल कुमार ने एक मामला दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि किसलय पल्लव ने मेरे पुत्र आशुतोष आनन्द को भारतीय क्रिकेट टीम के अंडर19 और रणजी ट्रॉफी में चयन करवा देने के नाम पर एक करोड रुपए लिया। मैंने उसे नगद 50 लाख और ऑनलाइन के माध्यम से 50 लाख रूपए दिये। जिसके बाद किसलय ने बीसीसीआई के ज्वाइंट डायरेक्टर के द्वारा निर्गत एक पत्र मुझे दिया। जिसमें यह उल्लेख था कि मेरे बेटे का चयन अंडर-19 टीम में कर लिया गया है। लेटर में बीसीसीआई का लोगो भी लगा था। जब हमने उस लेटर की वास्तविकता का पता लगाया तो पता चला कि पत्र नकली है।
पुलिस ने लगभग छह माह बाद किसलय पल्लव को गिरफ्तार किया। लेकिन दुःखद बात यह रही कि ठगी का शिकार होने वाले आवेदनकर्ता बुलबुल कुमार की मौत इस बीच बीमारी की वज़ह से हो गई।











