दुमका - दुमका के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर भीषण सड़क हादसे के बाद आग का तांडव देखने को मिला। दो कंटेनर और दो हाईवा में लगी आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आग इतनी भयानक थी कि एक कंटेनर और दो हाईवा पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि दूसरे कंटेनर में देर तक आग धधकती रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामपुर की ओर से आ रहा एक कंटेनर, जिसमें गैस लाइटर लदे थे, जो विपरीत दिशा से आ रही हाईवा से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर में लदे गैस लाइटर के कार्टून सड़क पर बिखर गए और उनमें आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में दो हाईवा और पीछे से आ रहा एक दूसरा कंटेनर भी आ गया। बताया जा रहा है कि दूसरे कंटेनर में लिथियम बैटरियां लदी थीं, जो तेज धमाकों के साथ फटने लगीं और पूरा इलाका धमाकों से गूंज उठा। फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।











