रांची - रांची में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर एक क्लर्क के साथ मारपीट का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले की जांच और सबूत जुटाने के लिए एयरपोर्ट थाना की पुलिस भारी संख्या में ईडी कार्यालय पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
गौरतलब हो कि पेयजल विभाग में कार्यरत क्लर्क संतोष कुमार ने ईडी अधिकारियों पर पूछताछ के दौरान मारपीट करने का आरोप लगाया है। संतोष का कहना है कि पूछताछ के नाम पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसका सिर फोड़ दिया गया। इस मामले को लेकर एयरपोर्ट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एफआईआर के अनुसार, 12 जनवरी को संतोष कुमार को फोन कर पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय बुलाया गया था। तय समय पर वह ईडी कार्यालय पहुंचा, जहां पूछताछ के दौरान उस पर जुर्म कबूल करने का दबाव बनाया गया। शिकायत में कहा गया है कि जब संतोष ने किसी भी तरह का अपराध स्वीकार करने से इनकार किया, तो ईडी अधिकारी प्रतीक और शुभम ने डंडे से उसकी पिटाई की। संतोष कुमार ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे जान से मारने और अपराध कबूल नहीं करने पर उसके परिवार के सदस्यों को जेल भेजने की धमकी दी गई।
वहीं इस मामले में थाना प्रभारी स्वंय सभी आरोपों की जांच करेगें और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









