RANCHI: झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और आदिवासी नेता शिबू सोरेन की 82वीं जयंती आज यानी रविवार को सादगी और सेवा भाव के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत स्टेडियम में ‘गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना’ का संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सीएम हेमंत सोरेन इस कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करेंगे और योजना के तहत लाभान्वित विद्यार्थियों को क्रेडिट कार्ड प्रदान करेंगे। इससे छात्रों को उच्च शिक्षा में आर्थिक मदद मिलेगी।
सादगी से मनाने का फैसला
मिली जानकारी के अनुसार इस बार शिबू सोरेन के जन्मदिन पर कोई बड़ा सांस्कृतिक या भव्य आयोजन नहीं होगा। पार्टी सूत्रों ने बताया कि शिबू सोरेन के निधन को अभी एक वर्ष पूरा नहीं हुआ है, इसलिए जयंती सादगी से मनाने का निर्णय लिया गया। रांची के आदिवासी मैदान में स्थित शिबू सोरेन की प्रतिमा पर जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन सहित कई गणमान्य नेता श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
जनकल्याणकारी कार्यक्रम
जयंती के अवसर पर पूरे राज्य में गरीबों के बीच कंबल, फल और मिठाइयां वितरित की जाएंगी। इसके अलावा कार्यकर्ता अस्पतालों और बस्तियों में जाकर सेवा कार्य करेंगे। इस तरह शिबू सोरेन के संघर्षों और जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को याद करते हुए उनका जन्मदिन सार्थक बनाया जाएगा।









