(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। यहां विजिलेंस टीम ने एक पुलिस अधिकारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
मामला मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना का है। जहां पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह को निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। बताया जा रहा है कि आरोपी एसआई जमीन से जुड़े एक जांच प्रतिवेदन को आगे बढ़ाने के बदले घूस की मांग कर रहा था।
इस पूरे मामले की शिकायत औराय निवासी वशिष्ठ कुमार वर्मा ने 20 मार्च को निगरानी विभाग से की थी। शिकायत में कहा गया था कि अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय से मांगी गई जांच रिपोर्ट को जानबूझकर लंबित रखा गया और इसके एवज में रिश्वत मांगी जा रही थी। जिसके बाद निगरानी विभाग के डीएसपी आसिफ इकबाल मेंहदी और उनकी टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को थाना के पास ही रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी एसआई को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना ले जाया जा रहा है। वहीं इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।










