(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा से बड़ी खबर है कि एक तरफ शिक्षक बनने का सपना, दूसरी तरफ प्रतियोगी परीक्षा का मौका और इन दोनों के बीच अटक गया है विश्वविद्यालय का रिजल्ट। जिस परीक्षा के लिए छात्रों ने महीनों मेहनत की, किताबें पढ़ीं, तैयारी की उसका आवेदन सामने है। लेकिन आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज ही उनके हाथ में नहीं हैं। यही परेशानी अब भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के स्नातकोत्तर सत्र 2024-2026 के चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के सामने खड़ी हो गई है। STET-2026 का ऑनलाइन आवेदन 17 अगस्त से शुरू हो चुका है। लेकिन BNMU के PG चतुर्थ सेमेस्टर का परिणाम अब तक जारी नहीं हुआ है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा हो चुकी है, लेकिन परिणाम के इंतजार ने उनके करियर में रोक लगा दी है। मामले को लेकर विद्यार्थियों ने परीक्षा नियंत्रक से जल्द परिणाम प्रकाशित करने की मांग की। वहीं परीक्षा नियंत्रक प्रो. अरुण कुमार झा ने विद्यार्थियों को जल्द परिणाम प्रकाशित करने का आश्वासन दिया है।







