(काजीरूल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़: हिरणपुर थाना क्षेत्र के मुर्गाडांगा गांव से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस बेटी के सपनों से उसका घर रोशन था, उसकी जिंदगी दरिंदगी की भेंट चढ़ गई। गेहूं के खेत से बरामद नाबालिग लड़की की सड़ी-गली लाश के पीछे की सच्चाई सामने आने के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जाता है कि युवती 21 तारीख को घर से निकली थी, लेकिन फिर वह कभी लौटकर नहीं आई। परिजन उसे ढूंढ़ते रहे, लेकिन नाबालिक का शव मुर्गाडांगा गांव के बहियार स्थित गेहूं के खेत से एक सड़ी-गली अवस्था में बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
मामले में युवती के भाई के बयान पर विभिन्न धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी के निर्देश पर हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया और घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों का सीडीआर खंगाला। जांच में सामने आया कि युवती के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में बिंझामारा निवासी रफायल सोरेन (20), खुजुरडांगा निवासी एल्गिन टूडू (20), धनबाद निवासी राम मरांडी तथा एक अन्य नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के साथ युवती का प्रेम प्रसंग था। बताया जा रहा है कि गोत्र एक होने के कारण दोनों की शादी संभव नहीं थी। इसी बीच युवती के किसी दूसरे युवक से संबंध होने के शक में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।एसआईटी टीम में एसआई अरुण कुमार राम, गौतम कुमार दास, जेना बालमुचु, एएसआई बिनोद कुमार टूडू, एएसआई साधन कर्मकार तथा रिजर्व गार्ड शामिल थे। पुलिस ने मामले का जल्द खुलासा कर दिया, लेकिन इस घटना ने एक परिवार से उनकी बेटी छीन ली और पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।











