(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो पुलिस पर पूर्व पार्षद रमाशंकर सिंह की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। बताया गया कि 23 फरवरी को मतदान के दिन चास थाना क्षेत्र के वार्ड 32 के मतदान केंद्र में मतदान के दौरान गलत तरीके से वोटिंग करने का पार्षद प्रत्याशी रेखा देवी के पति पूर्व पार्षद रामशंकर ने विरोध किया था। इसी दौरान पुलिस से नोंकझोक हुई थी। इस नोक झोक में एसडीपीओ चास प्रवीण कुमार सिंह घायल हुए थे। उनके घायल होने के बाद पुलिस ने पूर्व पार्षद रमाशंकर सिंह को हिरासत में लिया।
आज जब रमाशंकर को न्यायालय में पेश किया गया तो वह खुद चलने में भी असमर्थ नजर आए। इस बर्बरता का वीडियो सामने आने के बाद बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। साथ ही कहा कि जांच कर दोषी पर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं घटना के दिन थाने में मिलने गए सरदार कॉलोनी निवासी सोनू कुमार को भी पुलिस के द्वारा पिटाई किए जाने का आरोप लगा है।











