साहिबगंज – अपने बकाया मानदेय और पोषाहार भुगतान को लेकर आंगनबाड़ी सेविकाओं का आक्रोश फूट पड़ा है। इसी बीच साहिबगंज झारखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सोमवार को आंगनबाड़ी सेविकाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार पहल करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सेविकाओं ने जनवरी 2026 से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान, जून 2026 से एरियर राशि का भुगतान, पोषाहार मद की बकाया राशि, अंडा मद की लंबित राशि तथा जून 2026 से पोषाहार चावल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई है। सेविकाओं ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। स्थिति यह है कि कई आंगनबाड़ी केंद्र बंद होने के कगार पर पहुंच चुके हैं। प्रदर्शन कर रही सेविकाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगी।








