(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - रील और सेल्फी के चक्कर में बोकारो में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां हाई टेंशन करंट की तार के चपेट में आने से एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना बोकारो रेलवे गुड्स शेड के हम्प यार्ड की है। बताया गया कि पेंटा कोस्टल स्कूल के सात छात्र रिल और सेल्फी बनाने वहां पहुंचे थे। इसी दौरान एक छात्र अभिमन्यु चटर्जी सेल्फी लेने के लिए ऊपर चढ़ गया और हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए आगे बढ़े उसके साथी कौशिक शर्मा भी करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयानक था कि कौशिक शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अभिमन्यु गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरपीएफ की टीम ने तुरंत दोनों को बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कौशिक शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिमन्यु का इलाज जारी है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। साथ ही यह हादसा एक बार फिर सेल्फी और रील के खतरनाक ट्रेंड पर सवाल खड़े कर रहा है।











