रांची : भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज राँची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुँचे, जहाँ उनका भव्य और औपचारिक स्वागत किया गया। उनके आगमन पर राज्य के शीर्ष नेतृत्व और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद उपराष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उनके स्वागत में एक विशेष शिष्टाचार कार्यक्रम आयोजित हुआ।
एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित शासन और पुलिस प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उनकी अगवानी की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत और संक्षिप्त मुलाकात के बाद उपराष्ट्रपति सीधे हेलीकॉप्टर के माध्यम से खूँटी के लिए रवाना हो गए। उनके इस दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरे मार्ग में प्रशासनिक सतर्कता बरती जा रही है।










