रांची: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शनिवार देर शाम झारखंड की राजधानी रांची पहुंच रहे हैं। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला रांची दौरा है, जिसे लेकर प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। उनके आगमन को लेकर राजधानी की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और राजद ने इस दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
तेजस्वी यादव के सम्मान में 5 अप्रैल को रांची के हरमू बाईपास स्थित कार्निवाल बैक्वेट हॉल में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा, जिसमें राज्यभर से पार्टी के दिग्गज नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे। इस आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश प्रभारी जय प्रकाश नारायण यादव और राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव पहले ही रांची डेरा डाल चुके हैं। वे लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तेजस्वी यादव का यह दौरा केवल एक औपचारिक अभिनंदन समारोह नहीं है, बल्कि इसके जरिए राजद झारखंड में अपने संगठन को नई धार देने की तैयारी में है। कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी यादव कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे और आने वाले चुनावों को देखते हुए संगठन की मजबूती व भावी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगे। झारखंड के अलग-अलग जिलों से समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है, जिससे पार्टी की एकजुटता और बढ़ती ताकत को प्रदर्शित करने की कोशिश की जा रही है। तेजस्वी यादव के इस दौरे ने राज्य के सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है, क्योंकि इसे झारखंड में राजद की जड़ें दोबारा मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।











