उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते दिनों भारत फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट के साथ हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने गुरुवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अनपरा थाना क्षेत्र के कुबरी पहाड़ी के पास हुई इस पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी संजय यादव और पंकज यादव ने भागने की कोशिश की, जिस पर पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के बाएं पैर में गोली लगी है। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला नाम धीरज यादव का सामने आया है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल धीरज यादव ओबरा पीजी कॉलेज में छात्र संघ का पूर्व महामंत्री रह चुका है और समाजवादी पार्टी के छात्र संगठन, समाजवादी छात्र सभा से जुड़ा रहा है।
यह पूरी घटना 27 मार्च की है, जब बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के एजेंट को निशाना बनाते हुए 63 हजार रुपये नकद, एक टैबलेट, बायोमेट्रिक मशीन, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण कागजातों से भरा बैग लूट लिया था। पुलिस की सक्रियता के चलते अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को दबोचा जा चुका है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान और 28 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके साथ ही बदमाशों के पास से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य नेटवर्क का पता लगाया जा सके।











