रांची की पॉश कॉलोनियों में शामिल पुंदाग ओपी क्षेत्र की सेल सिटी मंगलवार दोपहर एक जोरदार धमाके से हिल गया। ब्लॉक E-1 के एक फ्लैट में रसोई गैस सिलेंडर फटने से इतनी भयंकर आवाज हुई कि पूरे सोसाइटी में सुनाई दी। धमाके के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर इधर-उधर भागने लगे।
धमाका इतना तेज था कि आसपास के फ्लैट्स की खिड़कियां और दरवाजे हिल गए। कुछ देर लोगों को यह समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। धमाके के तुरंत बाद फ्लैट में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और कुछ ही मिनटों में पूरा घर आग की चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि धुआं और आग का गुबार काफी डरावना था, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।

धमाके की आवाज सुनते ही सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और निवासी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की तीव्रता के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही पुंदाग ओपी पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग अन्य फ्लैट्स तक फैलने से पहले ही नियंत्रण में कर ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि फ्लैट के भीतर रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और सिलेंडर ब्लास्ट के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
इस घटना ने रांची के पॉश इलाके में रहने वालों को भयभीत कर दिया है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।











