राँची में रामनवमी को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। दिनांक 23.03.2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न अखाड़ा एवं समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया और भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग तथा पार्किंग व्यवस्था की स्थिति को परखा।

निरीक्षण के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने आयोजकों के साथ बैठक भी की, जिसमें उन्होंने सभी से आपसी सहयोग और समन्वय के साथ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और त्योहार को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, ताकि रामनवमी का पर्व शांति और उल्लास के साथ मनाया जा सके।











