रिपोर्ट- मो० काजीरुल शेख
पाकुड़ जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर पाकुड़ एसडीपीओ दयानंद आजाद के नेतृत्व में शहर के विभिन्न होटल एवं लॉजों में सघन जांच अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान के तहत संपूर्णानंद गेस्ट हाउस, होटल मुस्कान, होटल आर के पैलेश, होटल रॉयल रेजीडेंसी, होटल रिलैक्स, होटल गुप्ता समेत कई होटल और लॉजों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान सभी होटलों में ठहरने की व्यवस्था, रजिस्टर संधारण एवं सुरक्षा इंतजाम संतोषजनक पाए गए।
होटल संचालकों को दिए गए सख्त निर्देश
जांच के दौरान एसडीपीओ दयानंद आजाद ने होटल एवं लॉज संचालकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा न दिया जाए। होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा विवरण जैसे—
- पूरा नाम
- स्थायी पता
- मोबाइल नंबर
अनिवार्य रूप से रजिस्टर में दर्ज किया जाए।
संदिग्धों पर तुरंत सूचना देने का निर्देश
एसडीपीओ ने कहा कि यदि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि या ठहराव की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना पुलिस को दी जाए, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
CCTV और पुलिस सत्यापन पर जोर
पुलिस प्रशासन ने होटल संचालकों को अपने यहां कार्यरत सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, होटल परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सीसीटीवी फुटेज का कम से कम एक माह तक बैकअप सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि नियमों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित होटल संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पाकुड़ पुलिस का यह अभियान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।










