झारखंड के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां एक ओर राज्य के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी और लू का प्रकोप भी शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की प्रबल संभावना है। विभाग ने इस दौरान वज्रपात के खतरे को देखते हुए स्थानीय लोगों को विशेष सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
हालांकि, बारिश से मिलने वाली यह राहत बेहद कम समय के लिए है। 18 अप्रैल को मौसम शुष्क रहने के बाद 19 और 20 अप्रैल से राज्य में लू (Heat Wave) का सितम शुरू हो जाएगा। विभाग की चेतावनी के अनुसार, 19 अप्रैल को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में लू की स्थिति बनी रहेगी। 20 अप्रैल को लू का दायरा और बढ़ जाएगा, जिससे सरायकेला-खरसांवा, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम सिंहभूम के जिले भी इसकी चपेट में आ जाएंगे। आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
वर्तमान में भी झारखंड के कई हिस्सों में गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। राजधानी रांची का पारा 37.8 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है, जबकि कई अन्य जिलों में यह 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर चुका है। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो डाल्टेनगंज 42.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। इसी तरह जमशेदपुर में 40.2, चाईबासा में 40.3 और सरायकेला में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुमला में सबसे कम 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फिलहाल मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती बढ़ोतरी के बाद तापमान में बहुत बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन लू के दौरान लोगों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत है।











