राँची। झारखंड के कई जिलों में आज शनिवार को तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बीते 24 घंटों में वज्रपात से पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल भी हुए हैं।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं, ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी दी है। राज्य के कई हिस्सों में येलो अलर्ट लागू है, जबकि इससे पहले ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया जा चुका है।
कोडरमा में सबसे अधिक 31 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि जमशेदपुर में 12 मिमी, मेदिनीनगर में 10 मिमी और गुमला व हजारीबाग में 5-5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजधानी राँची में भी हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, 22 मार्च से मौसम साफ होने के संकेत हैं, लेकिन 25 मार्च के बाद फिर से बादल छाने की संभावना है। मौसम में यह बदलाव कृषि गतिविधियों पर भी असर डाल रहा है।











