रांची: झारखंड में लंबे समय से निष्क्रिय पड़े राज्य सूचना आयोग को सक्रिय करने की दिशा में राज्य सरकार ने अपनी प्रक्रिया तेज कर दी है। सरकार ने मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए नामों की सूची लोक भवन भेज दी है, जिससे आयोग के पुनर्गठन की उम्मीद बढ़ गई है।
हालांकि, मुख्य सूचना आयुक्त पद के लिए अलग से किसी नाम की अनुशंसा नहीं की गई है। फिलहाल सूचना आयुक्त पद के लिए पांच नाम प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें अनुज सिन्हा, धर्मवीर सिन्हा, अमूल्य नीरज खलखो, तनुज खत्री और शिवपूजन पाठक शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, राज्य सूचना आयोग में कुल सात पद सृजित हैं, लेकिन अभी सभी पदों को भरने के लिए नाम नहीं भेजे गए हैं। ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया आंशिक रूप से आगे बढ़ाई जा रही है।
इन नामों को लेकर राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि अनुज सिन्हा को झामुमो के करीब माना जाता है, वहीं धर्मवीर सिन्हा को बाबूलाल मरांडी के करीबी के रूप में देखा जाता है। अमूल्य नीरज खलखो का संबंध कांग्रेस से बताया जा रहा है, जबकि तनुज खत्री को झामुमो के आईटी सेल से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। इसके अलावा शिवपूजन पाठक को भाजपा से निकटता के आधार पर देखा जा रहा है।
राज्य सरकार की इस पहल को सूचना आयोग को फिर से सक्रिय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे सूचना के अधिकार से जुड़े मामलों के निष्पादन में तेजी आने की उम्मीद है।











