झारखंड में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव करने का बड़ा फैसला लिया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नया शेड्यूल 21 अप्रैल से राज्य के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में लागू होगा।
नए निर्देश के तहत केजी से लेकर कक्षा 8वीं तक की पढ़ाई सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 11:30 बजे तक चलेगी। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों की क्लास सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की जाएगी। हालांकि, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ के कार्य समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है और उन्हें पहले की तरह सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक स्कूल में उपस्थित रहना होगा।
सरकार का यह निर्णय राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इन दिनों झारखंड के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और दोपहर के समय लू चलने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका अधिक असर पड़ता है, जिससे उनकी तबीयत खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।
ऐसे में छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है, ताकि बच्चों को तेज धूप और लू से बचाया जा सके।










