Ranchi: झारखंड में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की पुलिस व्यवस्था को आधुनिक संसाधनों से लैस करने के उद्देश्य से शुक्रवार को झारखंड पुलिस को बड़ी सौगात देंगे।
राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस पेट्रोलिंग को तेज और प्रभावी बनाने के लिए कुल 1477 नए वाहनों को पुलिस बेड़े में शामिल किया जा रहा है। इनमें 628 चार पहिया वाहन और 849 दो पहिया वाहन शामिल हैं। इन वाहनों को मुख्यमंत्री स्वयं झारखंड विधान सभा परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
सरकार का मानना है कि इन नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता (Response Time) में सुधार होगा। साथ ही राज्य के दूरदराज और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और अधिक मजबूत होगी।
इस पहल से पुलिस गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी, जिससे अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है।










