राँची, – मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज उनके आवासीय कार्यालय में वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.भी.के. सुब्रमण्यम ने शिष्टाचार भेंट की और अपनी स्वनिर्मित अत्याधुनिक कैंसर उपचार मशीन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
जी.भी.के. सुब्रमण्यम ने बताया कि यह स्वदेशी तकनीक से निर्मित मशीन है, जिसका उपयोग आज देश-विदेश के बड़े अस्पतालों में किया जा रहा है और यह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में कारगर साबित हो रही है। मुख्यमंत्री ने इस मशीन के निर्माण और नवाचार के लिए जी.भी.के. सुब्रमण्यम की प्रशंसा की और इसे कैंसर रोगियों के लिए वरदान करार दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य में स्वास्थ्य संरचना को मजबूत करने और कैंसर मरीजों को अपने ही राज्य में अत्याधुनिक इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार सभी आवश्यक कदम उठाने को तैयार है।” उन्होंने बताया कि राज्य में अस्पतालों में नवीनतम जांच और इलाज सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और कैंसर रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ठोस प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर विधायक राजेश कच्छप भी उपस्थित थे।

विदित हो कि जी.भी.के. सुब्रमण्यम, पनाशिया लिमिटेड, बेंगलुरु के प्रबंध निदेशक हैं और भारत के पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत एपीजे अब्दुल कलाम के सहयोगी रह चुके हैं। उन्होंने कई अनुसंधान और शोध कार्य में उनके साथ योगदान दिया। उनकी विकसित कैंसर उपचार मशीन आज देश और विदेश के प्रमुख अस्पतालों में मरीजों के इलाज में उपयोग हो रही है।











