रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज रामनवमी महोत्सव के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को आगामी 27 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली भव्य रामनवमी शोभायात्रा में सपरिवार सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने सभी आमंत्रणों को सहर्ष स्वीकार करते हुए उपस्थित सदस्यों को पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि रामनवमी का त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन और आयोजन समितियों से आग्रह किया कि पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और पूरा उत्सव शांति व सद्भाव के साथ संपन्न हो सके।

इस अवसर पर विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। भेंट करने वालों में महावीर मंडल महानगर समिति के अध्यक्ष कुणाल अजमानी, संरक्षक पवन बजाज, प्रवक्ता बादल सिंह, महावीर मंडल केंद्रीय समिति के अध्यक्ष सागर वर्मा, मंत्री नितेश यादव, पूर्व अध्यक्ष जयसिंह यादव और पूर्व मंत्री सतीश यादव शामिल थे। साथ ही रामनवमी श्रृंगार समिति महावीर चौक के अध्यक्ष बबलू यादव, मंत्री अजय वर्मा, मुख्य संयोजक शंकर सिंह, मुख्य संरक्षक रिंकू वर्मा के अलावा श्री श्री महावीर मंडल तपोवन मंदिर निवारणपुर के अध्यक्ष सुशील दुबे, सचिव राजीव रंजन, सह सचिव अभिषेक सिंह, डोरंडा महावीर मंडल समिति के अध्यक्ष आलोक दुबे और संरक्षक संजीत यादव ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। केंद्रीय शांति समिति के सदस्य सागर कुमार सहित रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन भी इस दौरान मौजूद रहे।












