JHARKHAND: झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने कांके सबडिवीजन में कार्यरत विद्युतकर्मी मो. शमी आलम के साथ हुई गंभीर दुर्घटना पर गहरी चिंता एवं आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि कल कार्य के दौरान हुई इस दुर्घटना के बाद मो. शमी आलम की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है और वर्तमान में उनका इलाज राँची स्थित देवकमल हॉस्पिटल में चल रहा है, जहां वे जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं। अजय राय ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण होने के साथ-साथ विभागीय लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण है। हाल के दिनों में इस प्रकार की लगातार हो रही घटनाएं यह दर्शाती हैं कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की जा रही है, जिससे विद्युतकर्मियों का जीवन खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मो. शमी आलम जेएमडी एजेंसी के माध्यम से आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत थे, ऐसे में यह आवश्यक हो जाता है कि दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह घटना केवल लापरवाही का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य गंभीर कारण है।
श्रमिक संघ ने महाप्रबंधक (तकनीकी), विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, राँची को ज्ञापन सौंपते हुए निम्नलिखित मांगें रखी हैं—
1. दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच समिति का अविलंब गठन किया जाए।
2. दोषी पदाधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
3.घायल कर्मी के समुचित एवं निःशुल्क इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए।
4. पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
5. भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सख्त सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
अजय राय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस गंभीर मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती है, तो झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।











