(कजीरूल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ - महेशपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर, प्रमाणिक टोला में पारिवारिक विवाद में पति के द्वारा पत्नी की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी पति गांव के बाहर झाड़ियों में छिपकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार गोविंदपुर, प्रमाणिक टोला निवासी 31 वर्षीय नरेश मुर्मू ने लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके पिता धनेश्वर मुर्मू ने उनकी मां सुशीला हेम्ब्रम की धारदार हथियार से हत्या कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांव के बाहर झाड़ियों में छिपा हुआ है। इसके बाद तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार भुजाली बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया है।











