(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - राजधानी रांची सहित राज्य के अधिकतर जिलों में शुक्रवार को मौसम बदला। दिनभर चिलचिलाती धूप के बाद शाम में बारिश हुई, जो रात के नौ बजे तक जारी रही। मूसलाधार बारिश के कारण गली-मुहल्ले जलमग्न हो गए। राजधानी में आठ एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दवाब और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मौसम बदला है। ऐसी स्थिति अगले पांच दिन तक रहेगी।
इस दौरान आंधी के साथ बारिश होगी। ओलावृष्टि की भी संभावना है। इसे लेकर राज्य के 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, गिरिडीह, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और खूंटी शामिल हैं। इस दौरान पांच डिग्री तक तापमान में गिरावट आ सकती है।











