सीतामढ़ी - सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र के भीषा गांव में हुए रामबाबू राय हत्याकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन शूटरों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आपसी वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच चल रही रंजिश के कारण इस गैंगवार की घटना को अंजाम दिया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार, लखींद्र कुमार और चंदन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए है। मृतक रामबाबू राय का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। वह सीतामढ़ी के चर्चित पत्रकार अजय विद्रोही हत्याकांड का नामजद अभियुक्त था। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।









