(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - रांची में इन दिनों एलपीजी सिलेंडरों की कमी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिसे देखते हुए प्रशासन ने एक अहम बैठक बुलाई, जिसकी अध्यक्षता रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने की। समाहरणालय में आयोजित इस बैठक में कोल कंपनियों और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी हालत में आम जनता को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोयले की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित की जाए और लोगों को सही कीमत पर अच्छी क्वालिटी का कोयला मिले। प्रशासन का ध्यान इस बात पर है कि कोयले की सप्लाई चेन मजबूत हो, जिससे कि लोगों को आसानी से कोयला मिल सके। बैठक में उपस्थित सभी ने मिलकर इस स्थिति से निपटने के लिए आपसी तालमेल से काम करने पर सहमति जताई। वहीं मौके पर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कोयले या एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।











