(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
नई दिल्ली - राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में सोमवार को पार्टी की शीर्ष बैठक आयोजित की गई। जिसमें भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा भाजपा संसदीय दल के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबिन के नाम का प्रस्ताव रखा गया। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने संगठन को सशक्त और जनहितोन्मुख दिशा में आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
आयोजित बैठक में झारखंड के बड़े नेता भी मौजूद रहे। जिनमें प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पीएन सिंह, अभयकांत प्रसाद, यदुनाथ पांडेय, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, दीपक प्रकाश सहित अन्य कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे।








