रांची - सैटेलाइट इमेज से राज्य के कई जिलों में अफीम की अवैध खेती का बड़ा खुलासा किया गया है।
गौरतलब हो कि पुलिस के द्वारा अफीम के खिलाफ चलाए जा रहे जोरदार अभियान के बीच तस्कर भी सक्रिय हैं। ताजा सैटेलाइट इमेज ने साफ कर दिया है कि कई जिलों में अफीम की फसल न सिर्फ बच गई, बल्कि अब तैयार भी हो रही है। यह खुलासा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी एनसीबी के द्वारा किया गया है। जिसने पूरे मामले की रिपोर्ट राज्य एजेंसियों को भेज दी है। एनसीबी ने सैटेलाइट इमेज के साथ झारखंड सीआईडी को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। इन तस्वीरों में उन जगहों को चिन्हित किया गया है, जहां अवैध रूप से अफीम की खेती हो रही है। अब इन लोकेशन का ग्राउंड वेरिफिकेशन कर फसल को नष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार सबसे ज्यादा मामले चतरा जिले से सामने आए हैं, जहां 10 अलग-अलग जगहों पर खेती के संकेत मिले हैं। इसके अलावा खूंटी में 4, हजारीबाग में 3, लातेहार और वेस्ट सिंहभूम में 2-2 स्थान पर अफीम की खेती पाई गई है। वहीं रांची और पतरातू में भी 1-1 जगह पर इस तरह की गतिविधि के संकेत मिले हैं।











