साहिबगंज - साहिबगंज में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आक्रोश खुलकर सामने आया। साहिबगंज कॉलेज छात्रावास के छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की मांग को लेकर रैली निकाली।
बुधवार को साहिबगंज कॉलेज छात्रावास से सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने परीक्षा में पारदर्शिता बहाल करो, धांधली बंद करो जैसे नारों के साथ अपना विरोध दर्ज कराया। रैली कॉलेज परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए समाहरणालय पहुंची। जहां छात्रों के पांच सदस्यीय शिष्टमंडल ने समाहरणालय पहुंचकर संबंधित पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों को दंडित करने और भविष्य में निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी। वहीं रैली के दौरान पूरे नगर क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।








