(चंदन वर्मा, संवाददाता)
धनबाद - धनबाद में एक बार फिर गैंगस्टर प्रिंस खान का खौफ सामने आया है। बताया गया कि उसके गुर्गे कथित तौर पर रंगदारी वसूलने पहुंचे थे। तभी पुलिस से आमना-सामना हो गया। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एक शूटर के पैर में गोली लग गई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। वहीं इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
दरअसल वासेपुर का कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे दून पब्लिक स्कूल के पास किसी व्यापारी से रंगदारी वसूलने की फिराक में पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से सतर्क पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान एक शूटर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उससे पूछताछ भी की जा रही है। वहीं दूसरा बदमाश मौके से भागने में सफल हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश में इलाके में घेराबंदी तेज कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार वासेपुर का कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान लंबे समय से विदेश में रहकर अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है। पहले दुबई और अब पाकिस्तान से उसके द्वारा रंगदारी, धमकी और हत्या जैसे अपराधों को अंजाम देने का आरोप है। उसके गैंग के कई सदस्य पहले भी पुलिस कार्रवाई में गिरफ्तार हो चुके हैं। इस मामले में एसएसपी का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।











