(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - मध्य एशिया में जारी तनाव के बीच बोकारो में रसोई गैस को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। एलपीजी की आपूर्ति को लेकर नियमों में बदलाव के बाद उपभोक्ताओं को अब कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नए नियम के तहत शहरी क्षेत्रों में अब 25 दिन बाद ही गैस बुकिंग के बाद सिलेंडर दिया जा रहा है। इसके बावजूद समय पर गैस नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी है। गैस लेने के लिए उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि नंबर लगने और ओटीपी आने के बावजूद सर्वर की समस्या बताकर गैस नहीं दिया जा रहा है।
स्थिति यह है कि पहले जहां गैस की होम डिलीवरी होती थी, अब कई जगहों पर उपभोक्ताओं को खुद एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है। जिसका असर लोगों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। वहीं, एजेंसी कर्मियों का कहना है कि गैस की कोई कमी नहीं है और नियम के अनुसार ही वितरण किया जा रहा है।











