BIHAR: बिहार की राजनीति में नई सरकार को लेकर हलचल तेज होने वाली है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा के सदस्य की शपथ लेंगे. 10 अप्रैल को शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात दिल्ली में एनडीए के कई आला नेताओं से होगी. इसमें ताजा राजनीतिक हालात पर चर्चा होने की संभावना है.
11 अप्रैल के बाद हो सकती हैं बैठकें
इसके साथ ही यह भी संभावना जताई जा रही है कि सीएम नीतीश कुमार 11 अप्रैल को पटना लौट आयेंगे. बिहार में 14 अप्रैल के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है. इसके पहले एनडीए विधायक दल की बैठक भी होने की संभावना है. इसके अलावा जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक 20 अप्रैल या इसके बाद होने की संभावना है. हाल में जदयू संगठन चुनाव हुए हैं और इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में एक बार फिर नीतीश कुमार चुने गए हैं. इस चुनाव के बाद यह बैठक खास मानी जा रही है. इसमें कई राजनीतिक प्रस्तावों पर मुहर लगाए जा सकते हैं.
सीएम नीतीश को मिली जेड प्लस सिक्योरिटी
राज्यसभा के सदस्य बनने से पहले सीएम नीतीश कुमार को जेड प्लस सिक्योरिटी मिली. गृह विभाग की ओर से जारी लेटर में कहा गया, सीएम नीतीश कुमार को बिहार स्पेशल सिक्योरिटी एक्ट-2000 के तहत सुरक्षा अनुमान्य है. राज्यसभा के लिए मुख्यमंत्री निर्वाचित हुए हैं. जल्द ही अब वे मुख्यमंत्री के पद से भी त्यागपत्र देंगे और राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे. ऐसे में सीएम नीतीश की सुरक्षा को लेकर समीक्षा की गई और जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा देने का निर्णय लिया.
बिहार में सीएम फेस पर चर्चा तेज
राज्यसभा के सदस्य के रूप में सीएम नीतीश शपथ लेने के बाद सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं. ऐसे में राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसकी चर्चा तेज है. बीजेपी और जेडीयू के कई नेताओं की चर्चा हो रही. खासकर दो नाम ज्यादा भावी माने जा रहे हैं. बीजेपी से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को समर्थन देने की बात की जा रही है. जबकि जेडीयू से सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम फेस बताया जा रहा है. लेकिन अब तक एनडीए की ओर से आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं किया गया है.











