RANCHI: झारखंड की राजधानी रांची के मरांग गोमके एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में 28 दिसंबर से शुरू होने वाली हॉकी इंडिया लीग (विमेंस एचआईएल सीजन-2) को लेकर शहर में खेल का उत्साह चरम पर है। रविवार तक लीग में शामिल सभी टीमें रांची पहुंच चुकी हैं और अभ्यास सत्र में जुट गई हैं।
रविवार शाम से स्टेडियम में टीमों का अभ्यास शुरू हुआ। सबसे पहले दिल्ली की टीम ने अभ्यास किया, इसके बाद श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स ने मैदान संभाला। देर रात रांची रॉयल्स की टीम ने बॉयज टीम के साथ अभ्यास मैच खेला। इस दौरान खिलाड़ियों ने पासिंग, स्ट्राइक, पेनाल्टी कॉर्नर और शूटआउट पर खास ध्यान दिया। अभ्यास सत्र में टीमों ने खेल के तकनीकी पहलुओं को निखारने पर जोर दिया। फर्स्ट टच, तेज पासिंग, डिफेंस से अटैक में बदलाव, सर्कल के अंदर फिनिशिंग और प्रेसिंग गेम की लगातार प्रैक्टिस की गई। टीमें हर मुकाबले के लिए रणनीति बनाती नजर आईं।









