(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - एक साधारण सा "HI" लिखना 82 वर्षीय बुजुर्ग नरेन्द्र कुमार सिन्हा के लिए भारी पड़ गया। चास की गुजरात कॉलोनी निवासी सिन्हा को व्हाट्सएप कॉल पर खुद को HDFC बैंक का अधिकारी बताने वाले साइबर ठग ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया और केवल "HI" भेजने को कहा। संदेश भेजते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और महज दो घंटे के भीतर उनके बैंक खाते तथा HDFC व ICICI क्रेडिट कार्ड से करीब ₹7.65 लाख की अवैध निकासी कर ली गई।
पीड़ित ने तुरंत साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंकिंग समन्वय के जरिए 40 दिनों में ₹7 लाख से अधिक की राशि वापस करा दी। जबकि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें और साइबर ठगी होने पर बिना देर किए साइबर थाना या हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।








