गढ़वा - गढ़वा जिले में चल रहे कथित देह व्यापार के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम संजय कुमार के नेतृत्व में शहर के तीन नामचीन होटलों में छापेमारी की गई। जहां अनैतिक गतिविधियों के ठोस सबूत मिलने के बाद तीनों होटलों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
जिन होटलों को सील किया गया है उनमें होटल आरडीएस, तिवारी रेस्ट हाउस और होटल एसएलसी के नाम शामिल हैं। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि प्रशासन को इन होटलों में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों की गुप्त सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के बाद छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान करीब 14 जोड़े नाबालिग लड़के-लड़कियां संदिग्ध स्थिति में पाए गए। जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं मौके से तीनों होटलों के मैनेजरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि अब इन होटलों के मालिकों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य होटल और लॉज संचालकों में डर का माहौल है।











