(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित बियाडा औद्योगिक इलाके में संचालित लोहा कटिंग कंपनी बीएमडब्ल्यू के मालिक को एक बार फिर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस बार कंपनी के एक कर्मचारी के मोबाइल पर मैसेज भेजकर खुद को प्रिंस खान बताते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है और मैनेज करने की बात कही गई है।
जानकारी के अनुसार, धमकी भरा मैसेज कंपनी के कर्मचारी एस कुमार के मोबाइल पर आया। मैसेज में लिखा था— “हमको मैनेज कीजिए, नहीं तो जान से मार देंगे।” मैसेज मिलने के बाद कर्मचारी देर रात बालीडीह ओपी पहुंचा और प्रिंस खान के नाम पर प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने साइबर सेल सहित वरीय अधिकारियों को जांच में लगाया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मैसेज भेजने वाला नंबर किसके नाम से रजिस्टर्ड है, उसका लोकेशन क्या है और फिलहाल वह नंबर कहां एक्टिव है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला रंगदारी से जुड़ा है या फिर किसी शरारती तत्व द्वारा कंपनी को परेशान करने की कोशिश की जा रही है।











