(जितेन सार, संवाददाता, बुंडू)
बुंडू - रांची डीडीसी सौरभ कुमार ने गुरुवार को बुंडू जिला परिषद परिसर में बन रहे मार्केट कम्पलेक्स का औचक निरीक्षण किया। गौरतलब हो कि जिला परिषद के द्वारा लगभग 3.70 करोड़ रुपये की लागत से कुल 42 दुकानों का निर्माण बुंडू में किया जा रहा है। उक्त दुकानों के निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर डीडीसी को शिकायतें मिली थीं।
निरीक्षण के पश्चात डीडीसी ने बताया कि उक्त मार्केट कम्पलेक्स के निर्माण से बुंडू के वेंडरों को काफी सहायता मिलेगी। लेकिन इसका निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण होना चाहिए इसी की जांच के लिए वे यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी तरह की कमी नहीं होगी। दुकानों का अलॉटमेंट में पुरी तरह से पारदर्शी तरिके से की जायेगी। पुराने कम्पलेक्स के दुकानों के आवंटन में धांधली की शिकायतें मिलीं है। जांच के बाद यदि अनियमितता पाई जाती है तो आवंटन रद्द किया जायेगा। साथ ही कहा कि निर्माण में गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है, जो निर्माण कार्य के गुणवत्ता की जांच करेगी।
मौके पर विभाग के कार्यपालक अभियंता गुप्तेश्वर राम ने कहा कि पहले भी दो बार मार्केट कॉम्प्लेक्स का जांच हो चुका है। इसके बाद भी गुणवत्ता पर कुछ कमियां मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण में अन्य विभागीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे।











