रांची: राजधानी रांची के कचहरी स्थित समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल समाहरणालय परिसर पहुंची। सुरक्षा कारणों से पूरे परिसर को खाली करा लिया गया है। परिसर के हर कोने में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
समाहरणालय के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है।
इधर, साइबर सेल की टीम धमकी भरे ईमेल के स्रोत और उसे भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रहा है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की जानकारी आधिकारिक रूप से साझा की जाएगी।
फिलहाल समाहरणालय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।











