(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के जरीडीह थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 4 हजार लीटर विदेशी शराब और 8 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
बताया गया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बोकारो को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि बालीडीह की ओर से एक ट्रक में अवैध शराब लोड कर जैनामोड़ फोरलेन चौक के आगे सुगर एंड स्पाइस होटल के पास एक गली में खड़ा किया गया है। जहां से छोटे वाहनों के माध्यम से अलग-अलग इलाकों में शराब की सप्लाई की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस निरीक्षक, जरीडीह अंचल के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान एक ट्रक, एक पिकअप और अन्य वाहनों से कुल 433 कार्टून, करीब 4 हजार लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इसके साथ ही शराब बिक्री से संबंधित 8 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।









