(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो इस्पात संयंत्र ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी पहल की है। सेक्टर-9 में ‘सर्व स्वास्थ्य केंद्र’ का उद्घाटन किया गया, जहां गरीबों को मुफ्त इलाज मिलेगा।
बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा सीएसआर के तहत सेक्टर-09 में ‘सर्व स्वास्थ्य केंद्र’ का उद्घाटन किया गया। इसका शुभारंभ निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने किया। इस केंद्र के संचालन के लिए बीएसएल और पिरामल स्वास्थ्या मैनेजमेंट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के बीच पूर्व में समझौता किया गया था। यह स्वास्थ्य केंद्र खासकर बीपीएल परिवारों को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है। जहां ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर की जांच, साप्ताहिक एक्स-रे और ईसीजी जैसी सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध होंगी। साथ ही आवश्यक दवाएं भी मुफ्त में दी जाएंगी। इस मौके पर संयंत्र के कई वरिष्ठ अधिकारी और सीएसआर टीम मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य गरीब वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना और चिकित्सा खर्च का बोझ कम करना है। यह केंद्र बोकारो में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।











