(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। चास थाना क्षेत्र के मालती लक्सजरिया सिटी के एन-ब्लॉक स्थित एक फ्लैट नंबर 101 में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चास थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के नेतृत्व में टीम का गठन कर छापेमारी की गई, जिसमें साइबर थाना की टीम भी शामिल रही। छापेमारी के दौरान फ्लैट के अंदर चार युवक मोबाइल और लैपटॉप के जरिए ठगी करते पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे खुद को बैंक अधिकारी बनकर लोगों को कॉल करते थे और केवाईसी अपडेट, एटीएम ब्लॉक या लोन दिलाने के नाम पर फर्जी एपीके फाइल इंस्टॉल कराते थे। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल और स्क्रीन शेयरिंग के जरिए लोगों के बैंक डिटेल, ओटीपी और अन्य संवेदनशील जानकारी हासिल कर उनके खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
पुलिस के अनुसार, ये लोग पिछले 3-4 महीनों से इस फ्लैट में रहकर ठगी कर रहे थे। सभी गिरफ्तार आरोपी जामताड़ा जिले के रहने वाले हैं, जो साइबर अपराध के लिए कुख्यात माना जाता है। इनके पास से 16 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कई मोबाइल नंबरों से भरी डायरी जब्त की गई है।











